सोनभद्र: जिले के पन्नुगंज थाना अंतर्गत पडरी कलां गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गांव की आराजी संख्या 611 क, जिस पर आरसीसी सेंटर, राशन की दुकान और जन सुविधा केंद्र जैसी महत्वपूर्ण सरकारी इकाइयां संचालित हैं, उस पर अवैध कब्जा बरकरार रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। हैरानी की बात यह है कि कब्जाधारी सुरेश पुत्र बचउ ने थाना समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में लिखित आश्वासन दिया था कि वह 10 मई 2026 तक स्वेच्छा से अपना कब्जा हटा लेगा, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। वर्तमान में परिसर में पशुओं को बांधे जाने के कारण चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है, जिससे न केवल जन सुविधा केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है, बल्कि कोटे की दुकान से राशन वितरण में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर प्रकरण को लेकर ग्राम प्रधान विजय कुमार ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र लिखकर दोषी अफसरों और कब्जाधारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रधान का आरोप है कि 1 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत दर्ज कराने और कई बार तहसील दिवस के चक्कर काटने के बावजूद राजस्व विभाग के अधिकारियों ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्राम प्रधान ने डीएम से मांग की है कि वायदा खिलाफी करने वाले कब्जाधारी पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उसे बेदखल किया जाए और राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत भारी जुर्माना वसूला जाए। साथ ही, उन्होंने उन लापरवाह अधिकारियों पर भी विभागीय गाज गिराने की अपील की है जिन्होंने अब तक इस मामले में शिथिलता बरती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।






