लखनऊ/अलीगढ़: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में अलीगढ़ के राजनैतिक रसूख मेंआ बड़ा इजाफा हुआ है। खैर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुने गए सुरेंद्र दिलेर ने आज राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्य मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें शपथ दिलाई। 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले हुए इस विस्तार को जातीय समीकरणों, विशेषकर एससी (SC) वर्ग को साधने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सुरेंद्र दिलेर के मंत्री बनने के साथ ही अब अलीगढ़ जनपद को प्रदेश सरकार में दोहरी नुमाइंदगी मिल गई है। वर्तमान में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कार्य कर रहे हैं, और अब हाथरस के कद्दावर नेता रहे किशन लाल दिलेर के पौत्र सुरेंद्र दिलेर भी मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गए हैं।
खैर विधानसभा का इतिहास देखें तो यहाँ से मंत्री बनने का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 1957 में मोहन लाल गौतम के कैबिनेट मंत्री बनने के बाद, 1980 में चौधरी शिवराज सिंह ने पशुपालन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। लंबे अंतराल के बाद 2017 में अनूप प्रधान यहाँ से विधायक बने और राजस्व राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। उनके हाथरस से सांसद निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव जीतकर सुरेंद्र दिलेर ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि अपनी सक्रियता के दम पर सीधे मंत्रिमंडल में जगह भी बना ली।
सुरेंद्र दिलेर की यह उपलब्धि उनके परिवार की समृद्ध राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाती है। उनके बाबा किशन लाल दिलेर चार बार सांसद और पांच बार विधायक रहे थे, जबकि उनके पिता राजवीर दिलेर ने भी सांसद और विधायक के रूप में क्षेत्र की सेवा की थी। अब तीसरी पीढ़ी के रूप में सुरेंद्र दिलेर प्रदेश सरकार में अलीगढ़ की आवाज बुलंद करेंगे। इस नियुक्ति से जिले के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहान है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






