बिजली विभाग में कनेक्शन कटवाने आए युवक से मारपीट का आरोप, कर्मचारी की करतूत का वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय में मंगलवार शाम एक संवेदनहीन मामला सामने आया, जहाँ काम के सिलसिले में आए एक युवक के साथ कर्मचारी ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। करमा थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी पीड़ित मोहम्मद अप्सर के अनुसार, वह अपने पिता के नाम का बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से कटवाने के लिए पिछले सवा महीने से विभाग के चक्कर काट रहा था। हर बार नए कागजात मांगे जाने से परेशान अप्सर जब मंगलवार को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ एक्सईएन कार्यालय पहुँचा और वहां तैनात बाबू कृष्णा सोनी से कागजात जांचने का अनुरोध किया, तो कर्मचारी आपा खो बैठा। आरोप है कि कर्मचारी ने युवक के साथ गाली-गलौज की और बार-बार दफ्तर आने पर आपत्ति जताते हुए उसे थप्पड़ मार दिए। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारी मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है।

घटना के बाद पीड़ित ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में आरोपी कर्मचारी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि नियमानुसार सभी प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अभियंता (XEN) ओपी गुप्ता ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में है और प्रारंभिक जांच में वीडियो के आधार पर कर्मचारी की अनुशासनहीनता स्पष्ट रूप से सामने आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी कार्यालय में इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच के उपरांत दोषी कर्मचारी के निलंबन की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। फिलहाल पुलिस और विभाग अपने-अपने स्तर पर मामले की गहराई से छानबीन कर रहे हैं।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now