यूपी में अब दंगे नहीं, खत्म हुआ माफियाराज: सिपाही पासिंग आउट परेड में बोले सीएम योगी

SHARE:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यक्षमता और अनुशासन को नई ऊंचाइयां देने के संकल्प के साथ रविवार को आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 नए जवानों का दीक्षांत परेड समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिजर्व पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी की छवि अराजकता और अस्थिरता से बदलकर ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ के मॉडल के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि प्रदेश में अब माफियाराज समाप्त हो चुका है, दंगे इतिहास की बात हो गए हैं और अपराधियों के मन में कानून का भय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश के सामने कानून-व्यवस्था एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन सरकार की स्पष्ट नीति और साफ नीयत का परिणाम आज स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था, लेकिन अब पुलिस किसी भी अनहोनी को होने से पहले ही रोकने में सक्षम है। सीएम ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में पुलिस बल के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। पुलिस ट्रेनिंग की क्षमता जो पहले मात्र 3 हजार थी, उसे बढ़ाकर अब 60 हजार से अधिक जवानों को एक साथ प्रशिक्षित करने के स्तर पर लाया गया है।

महिला सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि यूपी पुलिस में महिला कार्यबल की भागीदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर अब 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने महिला आरक्षियों से संवाद करते हुए कहा कि कानून अपराधी के लिए जितना कठोर होना चाहिए, आम नागरिकों के प्रति उतना ही संवेदनशील होना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान बेटियों द्वारा दिखाए गए अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि ये नए जवान अपनी कर्तव्य परायणता से प्रदेश की गौरवशाली परंपरा को और आगे बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम में आधारभूत ढांचे के सुधारों का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि 55 जनपदों में पुलिसकर्मियों के लिए अत्याधुनिक हाईराइज आवासीय भवन बनाए गए हैं। इसके साथ ही, यूपी एटीएस को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है और हर जनपद में साइबर थानों की स्थापना के साथ ही आधुनिक फॉरेंसिक लैब का जाल बिछाया गया है। तकनीक के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी-112 का रिस्पांस टाइम जो पहले 65 मिनट हुआ करता था, उसे घटाकर अब मात्र 6 से 7 मिनट पर लाया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश में निवेश और आर्थिक प्रगति की रीढ़ सुरक्षित वातावरण है, जिसे पुलिस बल ने अपनी मुस्तैदी से तैयार किया है। समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now