CM योगी का सख्त निर्देश: जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में गठित हो विशेष टीम, दबंगों पर होगी सख्त कार्रवाई

SHARE:

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भूमि विवादों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर दबंगों या भू-माफियाओं का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीन के विवादों को हल करने के लिए विशेष टीम गठित की जाए, ताकि मालिकाना हक वास्तविक स्वामी के पास सुरक्षित रहे।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने और प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में खुशहाली लाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। सीएम ने पीड़ित पक्ष को भरोसा दिलाया कि हर समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है और दोषियों को कानून का पाठ पढ़ाया जाना चाहिए।

भूमि विवाद के अलावा, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और पुलिस से जुड़े मामलों में भी संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार मरीजों की भरपूर मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े एस्टीमेट की प्रक्रिया को तत्काल पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए ताकि किसी का उपचार धन के अभाव में न रुके। वहीं, पुलिस से जुड़े मामलों में उन्होंने पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित व्यक्ति के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और सुनिश्चित करें कि हर फरियादी की समस्या का समयबद्ध और संतुष्टिपरक निस्तारण हो।

Navhind Samachar
Author: Navhind Samachar

नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now