हर्षवर्धन, सोनभद्र। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मानकों को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे सख्त अभियान के दौरान एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नवीनीकरण प्रक्रिया के तहत दो अस्पतालों द्वारा फर्जी एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लगाकर विभाग को गुमराह करने का प्रयास किया गया। मामला संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के करीब 70 अस्पताल, क्लीनिक और पैथालॉजी केंद्र संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में सीएमओ डॉ. पंकज कुमार राय ने सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने केंद्रों का नवीनीकरण सुनिश्चित करें। बार-बार चेतावनी के बावजूद प्रक्रिया पूरी न करने वाले केंद्रों का पंजीयन रद्द करने की चेतावनी दी गई थी। बैठक के बाद जब विभागीय अधिकारियों ने नवीनीकरण के लिए जमा किए गए दस्तावेजों की जांच की, तो दो अस्पतालों द्वारा प्रस्तुत की गई एनओसी फर्जी पाई गई।
मामले की पुष्टि करते हुए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीएस यादव ने बताया कि फर्जी एनओसी पाए जाने के बाद तत्काल संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि फर्जी एनओसी पकड़े जाने के बाद इनमें से एक अस्पताल प्रबंधन ने विभाग से संपर्क कर वैध एनओसी प्राप्त कर जमा कर दी है, लेकिन मुख्यालय क्षेत्र में स्थित दूसरे अस्पताल की ओर से अभी तक कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने उक्त अस्पताल को सख्त चेतावनी देते हुए 30 अप्रैल तक की मोहलत दी है। यदि निर्धारित तिथि तक संबंधित अस्पताल अपना वैध एनओसी प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसका पंजीयन रद्द करने की कानूनी प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाएगी। विभाग के इस सख्त कदम से अवैध रूप से संचालित हो रहे या मानकों की अनदेखी करने वाले केंद्रों में हड़कंप मच गया है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





