यूपी बोर्ड परीक्षा में बेटियों का दबदबा: हाईस्कूल में सिंधु और इंटर में आकृति बनीं जिला टॉपर

SHARE:

सोनभद्र। UP बोर्ड की परीक्षाओं में इस बार बेटियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। सोनभद्र जिले के परिणामों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों ही कक्षाओं की श्रेष्ठता सूची में छात्राओं का एकतरफा दबदबा देखने को मिला है। हाईस्कूल की टॉप-10 सूची में 9 बेटियाँ शामिल रहीं, तो वहीं इंटरमीडिएट में भी छात्राओं की संख्या दस रही।

कई वर्षों बाद ऐसा सुखद संयोग बना है जब दोनों ही कक्षाओं में बेटियों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। घोरावल के सोनांचल इंटर कॉलेज की सिंधु ने हाईस्कूल में 95.17 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया, जबकि चोपन के गुरुद्वारा इंटर कॉलेज की आकृति सिंह ने 90.60 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट में पहला स्थान प्राप्त किया। बृहस्पतिवार को जैसे ही परिणाम घोषित हुए, मेधावियों के घरों में खुशी की लहर दौड़ गई और विद्यार्थियों ने अपने परिवार तथा शिक्षकों के साथ इस सफलता का जश्न मनाया।
हाईस्कूल में सिंधु के बाद खड़िया (शक्तिनगर) की अनुप्रिया कुशवाहा 568 अंकों के साथ दूसरे और सोनांचल इंटर कॉलेज की ही खुशी 566 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं इंटरमीडिएट में आकृति के बाद आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज के हरिओम तिवारी 451 अंकों के साथ दूसरे और कुशन कन्नौजिया 449 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। जिले की इस सफलता की कहानी में अभावों के बावजूद चमकने वाले छात्रों की भी कमी नहीं है। चुर्क के जय ज्योति इंटर कॉलेज के छात्र मांशू कुमार ने 87.60 प्रतिशत अंकों के साथ इंटर की टॉप-10 सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। उरमौरा में फल की दुकान लगाने वाले महेश कुमार गुप्ता के बेटे मांशू ने पिछले साल हाईस्कूल में भी जिले को टॉप किया था। अपनी मेहनत के दम पर हाल ही में जेईई में भी सफलता पाने वाले मांशू का लक्ष्य अब सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना है।
अपनी सफलता के पीछे की कड़ी मेहनत का जिक्र करते हुए हाईस्कूल टॉपर सिंधु ने बताया कि वह स्कूल से लौटकर प्रतिदिन पढ़ाए गए पाठों को दोहराती थीं और नियमित 4-5 घंटे की पढ़ाई ने उन्हें तनावमुक्त रखा। डॉक्टर बनने का सपना संजोने वाली सिंधु मानती हैं कि आज के युग में बेटियों का उच्च शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। वहीं, इंटर टॉपर आकृति सिंह का लक्ष्य पायलट बनकर आसमान में उड़ान भरना है। एनडीए की तैयारी में जुटीं आकृति अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और स्वयं की 6-7 घंटे की मेहनत को देती हैं। जिले के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कम अंक पाने वाले या असफल हुए विद्यार्थियों को मायूस न होकर भविष्य में और अधिक परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now