सड़क निर्माण में वन विभाग की अड़चनें बर्दाश्त नहीं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में वन विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं और योजनाओं की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्यों में वन विभाग की ओर से आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में राज्य मंत्री (समाज कल्याण) संजीव कुमार गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण में वन विभाग द्वारा पैदा की जा रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से पटवध-बसुआरी मार्ग, मंग्लेश्वर महादेव मंदिर मार्ग, तिलहर मार्ग और बिजली के खंभे गाड़ने में आ रही समस्याओं के समाधान की मांग की। मंत्री डॉ. सक्सेना ने इन समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि धार्मिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले इन मार्गों के निर्माण में यदि कोई अड़चन है, तो कार्यदायी संस्था से आवेदन लेकर ‘प्रवेश पोर्टल’ के माध्यम से तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर धरातल पर समस्याओं का समाधान करें। वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें, यदि कार्यों में लापरवाही पाई गई तो सख्त जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कम से कम तीन फीट ऊंचाई वाले पौधे लगाए जाएं और महुआ, चिरौंजी व अन्य फलदार प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाए। प्रदूषण नियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सड़कों पर फ्लाई ऐश के फैलाव को रोकने तथा प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनियों के नियमित निरीक्षण और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा, वहीं दूसरी ओर महुआ विक्रेताओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अनावश्यक कार्रवाई न करने के भी निर्देश दिए। बैठक के उपरांत मंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक मीरजापुर मंडल सुशांत शर्मा, डीएफओ रॉबर्ट्सगंज आशुतोष जायसवाल, डीएफओ रेनूकूट कमल कुमार, डीएफओ ओबरा दिलीप कुमार तिवारी तथा डीएफओ कैमूर वन्यजीव प्रभाग तपश मिहिर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now