मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, नाबालिग को झांसा देकर बेचने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

SHARE:

सोनभद्र। जिले की रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एएचटी (AHT) टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जो पीड़िता को काम दिलाने का झांसा देकर अगवा करने और उसे बेचने के जघन्य अपराध में शामिल था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र से पुलिस को मुखबिर के जरिए महत्वपूर्ण सूचना मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए एएचटी प्रभारी माधव सिंह और रॉबर्ट्सगंज थाना के उपनिरीक्षक रणजीत सिंह की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर शिव सिंह उर्फ रामलाल निवासी कच्ची सराय, थाना निहालगंज, जनपद धवलपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि वह नाबालिग पीड़िता को बेहतर काम दिलाने का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसने विभिन्न जनपदों से होते हुए पीड़िता को आगरा और अलीगढ़ ले जाकर अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर एक लाख बीस हजार रुपये में बेच दिया। अभियुक्त ने यह भी कबूल किया कि पीड़िता को कई जगहों पर अलग-अलग लोगों के पास रखा गया, जहाँ उसका जबरन शारीरिक शोषण किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़िता गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह अपराध एक बड़े संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है, जिसमें शामिल अन्य अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस सफलता में एएचटी प्रभारी माधव सिंह, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, हेड कांस्टेबल अमरजीत यादव और धनंजय यादव की भूमिका सराहनीय रही।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now