खनन कारोबारियों पर INCOME TAX का शिकंजा, ओबरा में कई ठिकानों और चोपन में छापेमारी जारी

SHARE:

सोनभद्र। जनपद में बुधवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने खनन कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों और आवासों पर एक साथ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई विशेष रुप से ओबरा नगर क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में की गई, जहां आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर एक साथ टीमों ने जांच शुरु की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयकर विभाग के अधिकारी दर्जनभर लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे। कई वाहनों पर शादी समारोह से जुड़े स्टिकर लगे होने के कारण प्रारंभ में लोगों को भ्रम हुआ, लेकिन कुछ ही देर में यह स्पष्ट हो गया कि यह विभाग की सुनियोजित छापेमारी है। अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिसने संबंधित परिसरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई खनन से जुड़े बड़े कारोबारियों के आवास, कार्यालय और संभावित गोदामों पर केंद्रित है। ओबरा थाना क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर छापेमारी की पुष्टि हुई है। बता दे कि क्रेशर ऑनर्स एसोसिएशन बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के अध्यक्ष अजय सिंह और खनन व्यवसाई चंद्र भूषण गुप्ता, देवेंद्र केसरी चोपन थाना क्षेत्र में भी अंसारी बंधु नामक एक खदान व्यवसायी के आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में भी कई जगहों पर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आयकर टीम ने पहुंचते ही परिसरों के प्रवेश और निकास मार्गों को नियंत्रित कर लिया। अंदर मौजूद लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।अधिकारी बैंक खातों, निवेश, लेनदेन, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच में जुटे हैं। हालांकि विभाग की ओर से अब तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि या बरामदगी का विवरण साझा नहीं किया गया है। कार्रवाई के दौरान मीडिया कर्मियों की भीड भी विभिन्न स्थानों पर जुटी रही, लेकिन अधिकारियों ने जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी देने की बात कही है। खनन कारोबार सोनभद्र की प्रमुख आर्थिक गतिविधियों में शामिल है। ऐसे में आयकर विभाग की इस व्यापक कार्रवाई को जिले में बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। देर शाम तक जांच जारी रहने की संभावना है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Follow Us Now