जादू-टोने के शक में दो लोगों की हत्या, पूजा के बहाने घर बुलाकर धारदार हथियार से काट डाला

SHARE:

अशोक दुबे, सिंगरौली: सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में बृहस्पतिवार को जादू-टोने के शक में महिला समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। आरोपी ने पूजा के बहाने घर बुलाकर उन्हें धारदार हथियार से काट दिया। बीच-बचाव करने वाले दो ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला

देवसर क्षेत्र के जियावन थाना में स्थित लोहरा गांव के बैरिहवा टोला निवासी छत्रपति सिंह (21) ने बुधवार की रात सुनियोजित तरीके से चाची फूल कुमारी सिंह गोंड (50) पत्नी गोरेलाल सिंह और दादा केवल नारायण सिंह (65) को पूजा पाठ के लिए अपने घर बुलाया। आरोपी की पत्नी के कुछ माह पूर्व हुए गर्भपात को लेकर शक था कि जादू-टोना किया गया है। इसी अंधविश्वास में उसने धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया।

घटना स्थल आरोपी के घर के आंगन में बने चबूतरे के पास बताया गया है, जहां से पूजा सामग्री भी बरामद हुई है। इसके बाद आरोपी ने पड़ोसी के घर पहुंच सोते समय सुमित्रा सिंह (38) और रामभजन सिंह (35) पर भी जानलेवा हमला कर दिया।

इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि हत्या का कारण केवल अंधविश्वास था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है। इस जघन्य वारदात ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है और क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटनास्थल पर एसडीओपी गायत्री तिवारी, जियावन थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह एवं कुंदवार चौकी प्रभारी रामजी त्रिपाठी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।

एसपी ने लिया जायजा

घटना की जानकारी पर एसपी मनीष खत्री घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण करते हुए मृतक के परिजनों एवं आसपास के लोगों से बातचीत की। सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष एवं शीघ्र विवेचना सुनिश्चित करें। एसपी ने एक-एक पहलुओं को परखा।

चौरा के चबूतरे पर मिला नारियल, नरबलि की आशंका

घटनास्थल पर नारियल मिले हैं। चबूतरा चौरा के पास इस घटना को आरोपी छत्रपति सिंह ने अंजाम दिया। चर्चा है कि जादू-टोना के शक में एक महिला एवं पुरुष की निर्मम तरीके से गला काट कर हत्या की गई है।

 क्या बोले अधिकारी

लोहरा गांव में एक महिला एवं पुरुष की हत्या की गई है। आरोपी के आंगन से दोनों शवों को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। दो घायलों का भी उपचार देवसर अस्पताल में चल रहा है। जादू-टोने के शक में हत्या की आशंका है। -गायत्री तिवारी, एसडीओपी, देवसर (सिंगरौली)

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now