सोनभद्र: नशीले कफ सिरप मामले में सोनभद्र पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सोनभद्र पुलिस ने शनिवार को नशीले कफ सिरप के संगठित अपराध से अर्जित आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल और उनके सहयोगियों की छह करोड़ की और सम्पत्ति जब्त करने की कार्यवाही शुरु कर दी है। इसके पूर्व भी सोनभद्र पुलिस भोला प्रसाद जायसवाल की 28.50 करोड़ की सम्पत्ति जब्त की थी। पुलिस ने यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय के आदेश पर की है। नशीले कफ सिरप मामले के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ सोनभद्र पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है।
बतादें कि सोनभद्र पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 1191/2025 में नामजद आरोपी वाराणसी निवासी, भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। न्यायालय के आदेश के बाद वाराणसी जिले के मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर इलाकों में स्थित उसकी संपत्तियों को कुर्क किया गया।
कुर्क की गई संपत्तियों में 7 मकान और जमीन शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग 4.55 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 4 वाहन भी जब्त किए गए, जिनमें फॉर्च्यूनर कार, हुंडई i20, एक्टिवा और वेस्पा स्कूटर शामिल हैं। इन वाहनों की कुल कीमत करीब 51.16 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही विभिन्न बैंक खातों में जमा 70.99 लाख रुपये की राशि भी फ्रीज कर दी गई है। यह पूरी कार्रवाई एसआईटी टीम ने अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि कोडीन कफ सिरप जैसी नशीली दवाओं की तस्करी करने वालों और उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"




