बनारस के 4 इलाकों में श्रमिकों के लिए बनाई जाएगी बिल्डिंग, रोजगार के लिए दिया जाएगा प्रशिक्षण

SHARE:

वाराणसी: जिले के तीन लाख से अधिक श्रमिकों के लिए जिला प्रशासन और श्रम विभाग की ओर से चार मॉडल बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसके लिए श्रम विभाग ने गुरुधाम, हवेलिया, मंडुवाडीह और लोहता में जमीन चिह्नित की है। विभाग की ओर से एनओसी के लिए आवेदन किया गया है। एनओसी मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।

सहायक श्रम आयुक्त अविनाश तिवारी ने बताया कि मॉडल बिल्डिंग बनने से श्रमिकों को काम की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। प्रस्तावित मॉडल बिल्डिंग आधुनिक ढांचे पर आधारित होगी। इसमें ग्राउंड फ्लोर के साथ दो अन्य मंजिलें होंगी। ग्राउंड फ्लोर पर श्रमिकों की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शौचालय, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

पहली मंजिल पर श्रमिकों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। यहां उनकी वर्तमान दक्षता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे नई तकनीकों से परिचित हो सकें। इसका उद्देश्य श्रमिकों की कार्यक्षमता बढ़ाना और उन्हें बेहतर मजदूरी वाले अवसरों के लिए तैयार करना है। साथ ही, प्रशिक्षित श्रमिकों को रोजगार मिलने की संभावनाएं भी अधिक होंगी।

दूसरी मंजिल पर श्रमिकों के लिए वेटिंग हॉल और रेस्ट रूम का निर्माण किया जाएगा, जहां वे आराम कर सकेंगे। यह स्थान खास तौर पर उन श्रमिकों के लिए उपयोगी होगा, जो लंबे समय तक काम के इंतजार में रहते हैं।

                                                          सांकेतिक फोटो

अधिकारी बोले

मॉडल बिल्डिंग बनने से श्रमिकों का जीवन स्तर सुधरेगा। जमीन की तलाश कर एनओसी के लिए आवेदन किया गया है। उसके मिलते ही इसके निर्माण पर काम शुरू हो जाएगा। -अविनाश तिवारी, सहायक श्रमआयुक्त

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

3 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now