लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। जारी तबादला सूची के अनुसार वर्ष 2020, 2021 और 2022 बैच के युवा आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिसके तहत लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, आगरा, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और प्रयागराज समेत कई प्रमुख कमिश्नरेट व जनपदों में अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
तबादला सूची के मुताबिक प्रतीक्षारत चल रहे अपर पुलिस अधीक्षक पुनीत द्विवेदी को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि सोनभद्र में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहीं सुश्री मार्विस टॉक को भी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात अपर पुलिस उपायुक्त अमित कुमावत को गाजियाबाद कमिश्नरेट और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में तैनात शैव्या गोयल को भी गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजा गया है। इसके अतिरिक्त लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त रहीं किरण यादव को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ में नई तैनाती दी गई है।
अन्य प्रमुख बदलावों में वाराणसी में तैनात अपर पुलिस उपायुक्त नीतू को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट तथा कानपुर नगर में तैनात शिवा सिंह को आगरा पुलिस कमिश्नरेट स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में तैनात पुष्कर वर्मा को फतेहगढ़ जनपद का नया अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि आगरा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात आदित्य को बदायूं जनपद में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पद पर कार्यरत भव्य दीक्षा अरुण को अपर पुलिस अधीक्षक, पीटीएस मेरठ भेजा गया है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





