A.SP मेविश टाक का लखनऊ तबादला, 1997 बैच के पीपीएस अनूप कुमार होंगे जिले के नए अपर पुलिस अधीक्षक

SHARE:

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत सोनभद्र के पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जनपद में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर तैनात रहीं सुश्री मेविश टाक को स्थानांतरित कर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, उनके स्थान पर मऊ जनपद में तैनात रहे वरिष्ठ अधिकारी अनूप कुमार को सोनभद्र का नया अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के फालना की निवासी मेविश टाक (जन्म 24 सितंबर 1996) ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से प्रशासनिक सेवा में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके पिता अब्दुल करीम टाक बॉम्बे हाईकोर्ट में अनुवादक के पद पर कार्यरत हैं। मेविश ने मुंबई यूनिवर्सिटी से राजनीति शास्त्र में स्नातक और ‘इंडियन फेडरेशन एंड लैंग्वेज पॉलिटिक्स’ विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। सिविल सेवा की तैयारी के दौरान शुरुआती दो प्रयासों में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के दम पर यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 386वीं रैंक हासिल कर आईपीएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया। सोनभद्र आने से पूर्व वह उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। सितंबर 2026 में सोनभद्र में एएसपी का कार्यभार संभालते ही उन्होंने जिले की पहली महिला अपर पुलिस अधीक्षक बनने का इतिहास रचा था। अपने कार्यकाल में प्रभावी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के बाद अब वह राजधानी लखनऊ कमिश्नरेट में अपनी नई भूमिका निभाएंगी।

दूसरी ओर, सोनभद्र के नए अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए अनूप कुमार 1997 बैच के अनुभवी पीपीएस अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के मूल निवासी अनूप कुमार (जन्म 14 अप्रैल 1972) के पिता का नाम सुंदर लाल है। शैक्षणिक रूप से उन्होंने आधुनिक इतिहास विषय में परास्नातक (एम.ए.) की उपाधि प्राप्त की है। पुलिस सेवा में लंबे प्रशासनिक अनुभव और मऊ जनपद में एएसपी के रूप में उनके कार्यकौशल को देखते हुए शासन ने उन्हें सोनभद्र जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील सीमावर्ती जिले की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके पदभार ग्रहण करने से जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now