लखनऊ। राज्य कर विभाग के क्लास वन अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) में प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज द्वारा की गई बेहद सख्त टिप्पणियों और कम अंक दिए जाने से पूरे महकमे में खलबली मच गई है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर रैंक के कई अधिकारियों की रिपोर्ट में यहां तक दर्ज कर दिया कि ये अधिकारी टैक्स माफिया के करीबी हैं और सरकारी नौकरी करने के लायक ही नहीं हैं। इस ग्रेडिंग प्रक्रिया में लगभग 200 अधिकारियों को फेल करने के साथ ही प्रमुख सचिव ने राज्य कर आयुक्त की रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया है।
कार्रवाई के तहत आगरा में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 रहे अंजनी अग्रवाल को रिपोर्टिंग और रिव्यूइंग अधिकारियों द्वारा 10 में से 8.63 अंक दिए गए थे, लेकिन प्रमुख सचिव ने उन्हें 5.50 अंक देते हुए लिखा कि उन्हें वास्तविक क्षमता से अधिक आंका गया है और वे प्रवर्तन कार्यों में पूरी तरह कमजोर रहे हैं, यहां तक कि कर चोरी में शामिल वाहनों की जानकारी दिए जाने पर भी वे कुछ खास नहीं कर पाए। इसी तरह अंजनी अग्रवाल और कमिश्नर द्वारा 8.07 के आसपास अंक पाए उनके मातहत चंद्रकांत रल्हन की सत्यनिष्ठा को संदिग्ध बताते हुए प्रमुख सचिव ने केवल 3.7 अंक दिए। नोएडा में तैनात रहीं डिप्टी कमिश्नर लज्जा पांडेय के अंक 8 से घटाकर 1.5 कर दिए गए और उनकी भी सत्यनिष्ठा संदिग्ध करार दी गई, जबकि आगरा के एक डिप्टी कमिश्नर को 9 के मुकाबले महज 1 अंक देते हुए लिखा गया कि लोहे के टैक्स माफिया से उनके करीबी संबंध हैं और वे सरकारी नौकरी के योग्य नहीं हैं।
दूसरी ओर, इस सख्त ग्रेडिंग के बाद राज्य कर विभाग दो खेमों में बंटता नजर आ रहा है और असंतुष्ट अधिकारी अब न्यायालय की शरण में जाने की तैयारी कर रहे हैं। जीएसटी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने सवाल उठाया है कि यदि संबंधित अधिकारियों की सत्यनिष्ठा पहले से संदिग्ध थी, तो प्रमुख सचिव ने पूर्व में कार्रवाई क्यों नहीं की और कारण बताओ नोटिस क्यों नहीं जारी किया। वहीं संयुक्त मंच ने लखनऊ के एक खंड का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि एक ही तरह का कार्य करने वाले आठ अधिकारियों में से सात को 10 में से 8-9 अंक दिए गए, जबकि एक अधिकारी को केवल 1 अंक देकर भेदभाव किया गया है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





