आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी धान की फसल पर बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। 21 और 22 नवंबर को हुई बारिश से जिले में धान की फसल को हुए नुकसान के बाद अब किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति की मांग शुरू कर दी है। जिले में अब तक 1322 किसानों ने फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराई है। इनमें 1271 शिकायतें सर्वे के लिए स्वीकार की गई हैं, जबकि 51 शिकायतें पोर्टल से निरस्त हो गई हैं। कृषि विभाग और संबंधित बीमा कंपनियों की टीमें प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेंगी।
दरअसल, इस वर्ष जिले में मौसम अनुकूल रहने के कारण धान की फसल अच्छी हुई थी। करीब 68 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की खेती की गई थी। अधिकांश खेतों में फसल पककर तैयार हो चुकी थी और किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच 21 और 22 नवंबर को हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दीं। खेतों में खड़ी फसल के साथ ही कटाई के बाद खेतों में रखे धान को भी नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने से फसल भीग गई। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित होने और उत्पादन में नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
बारिश से प्रभावित किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। अब कृषि विभाग और बीमा कंपनियों की संयुक्त टीमें शिकायतों के आधार पर प्रभावित खेतों का सर्वे करेंगी। इस दौरान फसल की वास्तविक स्थिति, बारिश से हुए नुकसान और प्रभावित क्षेत्रफल का आकलन किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों के बीमा क्लेम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
21 हजार से अधिक किसानों ने कराया है फसल बीमा –
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत इस वर्ष जिले के 21,325 किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है। इन किसानों ने प्रीमियम के रूप में कुल तीन करोड़ 16 लाख 83 हजार रुपये जमा किए हैं। बारिश के बाद फसल नुकसान की शिकायतें दर्ज कराने वाले किसानों को अब सर्वे रिपोर्ट से राहत की उम्मीद है। हालांकि, क्षतिपूर्ति की वास्तविक राशि फसल नुकसान के आकलन और बीमा योजना के निर्धारित नियमों के आधार पर तय होगी।
एक सप्ताह में सर्वे, दो महीने में क्लेम की प्रक्रिया –
उप कृषि निदेशक राजकुमार ने बताया कि “बारिश से धान की फसल को हुए नुकसान के संबंध में अब तक 1322 किसानों ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है। इनमें 1271 शिकायतें सर्वे के लिए स्वीकार की गई हैं। संबंधित टीमों को एक सप्ताह के भीतर सर्वे पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद करीब दो महीने के अंदर पात्र किसानों को बीमा क्लेम दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





