सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस ध्वज दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क सहित जनपद के सभी थानों में गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधिवत पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी और उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस कलर (प्रतीकात्मक बैज) लगाकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि पुलिस ध्वज हमारे गौरवशाली अतीत, अदम्य साहस, बलिदान और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है, जो हर पुलिसकर्मी में गर्व, अनुशासन और निष्ठा की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि उनके शौर्य और त्याग से ही विभाग की गौरवशाली परंपरा कायम है।
ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा उत्कृष्ट कार्य व अद्वितीय प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था और यह सम्मान पाने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है। इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने थानों में ध्वजारोहण कर सलामी दी तथा डीजीपी का संदेश सुनाया। पुलिस लाइन के मुख्य समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं सदर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Harsh Vardhan
हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।





