सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्राम जामपानी में 25 नवंबर से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि 25 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्वाकांक्षी विद्यालय के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को सौंपी गई है। इस विद्यालय के तैयार होने से दुद्धी और आसपास के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के बच्चों को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेगी, जिससे अभिभावकों को अलग-अलग कक्षाओं के लिए दूसरे शिक्षण संस्थानों की ओर दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
आधुनिक शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किए जाने वाले इस परिसर में डिजिटल तकनीक से पढ़ाई के लिए स्मार्ट क्लासरूम, बैठकर पढ़ने की समुचित व्यवस्था वाली लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब तथा विज्ञान एवं रोबोटिक्स की प्रयोगात्मक शिक्षा के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बाल वाटिका, विद्यार्थियों में पोषण व पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु न्यूट्रिशन गार्डन और शिक्षकों के लिए स्टाफ रूम का निर्माण भी किया जाएगा। सुरक्षा और तकनीकी कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए पूरे विद्यालय परिसर को वाई-फाई सुविधा और ऑनलाइन सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से लैस किया जाएगा। सरकार की इस पहल से दुद्धी क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
Author: Harsh Vardhan
हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।





