Sonbhadra News : एकतरफा कार्यवाही से क्षुब्ध व्यापारियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

कुशाग्र कौशल शर्मा (संवाददाता)

सोनभद्र । श्रद्धा सबुरी ढाबा प्रकरण अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में कथित विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर व्यापारी संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने पुलिस प्रशासन से दो टूक कहा है कि किसी भी व्यापारी को एकतरफा कार्रवाई के जरिए प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए। यदि ढाबे के संचालन में कोई अनियमितता है तो नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन संचालक की शिकायतों को भी नजरअंदाज न किया जाए। इसी मांग को लेकर संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के साथ व्यापारी एवं उसके प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम बभनौली, तहसील रॉबर्ट्सगंज स्थित श्रद्धा सबुरी ढाबे के संचालक एवं संगठन के पदाधिकारी विनोद जायसवाल के साथ 20 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से विवाद, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया था। आरोप है कि ढाबे पर शराब पीने से मना करने के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। वहीं, संचालक का कहना है कि उनके प्रतिष्ठान पर न तो शराब की बिक्री होती है और न ही मदिरा परोसने की कोई व्यवस्था है।

शिकायत के बावजूद कार्यवाही नहीं होने पर जताई चिंता –

संगठन ने ज्ञापन में कहा कि घटना के संबंध में संचालक की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, ढाबे के संचालन, भूमि उपयोग और वैधानिक अनुमतियों को लेकर की गई शिकायतों तथा प्रशासनिक कार्रवाई के संदर्भ में भी निष्पक्षता बरतने की मांग की गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। विनोद जायसवाल की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई हो तथा दोनों पक्षों के आरोपों और साक्ष्यों को समान महत्व दिया जाए। साथ ही व्यापारी और उसके प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार का दबाव, भय अथवा उत्पीड़न की स्थिति पैदा न हो।

कानून का सम्मान, लेकिन एकतरफा कार्यवाही स्वीकार नहीं : कौशल शर्मा

जिलाध्यक्ष कौशल कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन कानून और प्रशासन का सम्मान करता है। संगठन किसी भी अवैधानिक गतिविधि का समर्थन नहीं करता। यदि किसी प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा, भूमि उपयोग अथवा अन्य वैधानिक अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन यह कार्रवाई निष्पक्ष जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर ही होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी व्यापारी की आजीविका के साथ उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान भी महत्वपूर्ण है। केवल शिकायतों के आधार पर एकतरफा धारणा बना लेना अथवा किसी पक्ष को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिए बिना कार्रवाई करना न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।

कौशल शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि व्यापारी समाज के सम्मान, सुरक्षा और न्यायपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था की रक्षा करना है। प्रशासन से अपेक्षा है कि पूरे मामले में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान राजेश जायसवाल, पंकज कनोडिया, शरद जायसवाल, कृष्णा सोनी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now