लखनऊ। युद्ध, हवाई हमले, आतंकी घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा तंत्र तैयार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 के दौरान प्रदेश की इन तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हर जिले में एयर सायरन उपलब्ध कराए गए हैं और आपात स्थिति में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के साथ राहत-बचाव कार्य करने के लिए 1,01,362 स्वयंसेवकों की फौज तैयार की गई है, जबकि 60 जिलों में जिलाधिकारी नागरिक सुरक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का मूल उद्देश्य संकट की घड़ी में किसी भी नागरिक को अकेला न छोड़ना है और आपदा कभी बताकर नहीं आती, इसलिए पूर्व तैयारी बेहद आवश्यक है। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद बना यह संगठन 2017 तक गिने-चुने जिलों तक सीमित था, लेकिन पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के बाद इसे सभी 75 जिलों तक विस्तारित किया गया। उन्होंने बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आतंकी हमले और युद्ध जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित मॉक ड्रिल कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अब तक 1,08,627 नागरिकों, विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स व होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और संकट के समय निःस्वार्थ सेवा करने वाला जागरूक नागरिक ही सच्चा फर्स्ट रिस्पॉन्डर होता है।
प्रदेशभर में एक साथ आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और यूपी पुलिस ने अपनी मुस्तैदी का प्रदर्शन किया। अभ्यास के तहत एयर सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी देने और रेडियो, लाउडस्पीकर व मोबाइल के जरिए अलर्ट जारी करने की प्रक्रिया दिखाई गई। साथ ही ब्लैकआउट के दौरान बिजली और रोशनी बंद कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आग, गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट और विस्फोट जैसी घटनाओं में राहत-बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि गृह मंत्रालय की योजना के तहत प्रदेश के 17 जिलों के 33 और उत्तराखंड के दो कर्मियों सहित कुल 35 लोगों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है, जबकि 15 जिलों के 5,310 स्वयंसेवकों को सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अतिरिक्त भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने भी लखनऊ के 73 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





