सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में एनएमओ इकाई गठित, आज लगेगा फाइब्रोस्कैन जांच शिविर

SHARE:

सोनभद्र। राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार को राष्ट्रीय मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) की जिला इकाई का गठन किया गया, जिसमें चिकित्सकों और मेडिकल विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के साथ नैतिकता, मानवता और राष्ट्रसेवा के भाव को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आईजेन भट्टाचार्य ने की, जबकि राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री डॉ. सच्चिदानंद ने चिकित्सकों को सेवा व समर्पण की शपथ दिलाई। नई जिला इकाई में प्राचार्य प्रो. आईजेन भट्टाचार्य को संरक्षक, मेडिसिन के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राहुल सिंह को अध्यक्ष, हर्षित दुबे को सचिव और सर्जरी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमित गुप्ता को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा को केवल व्यवसाय तक सीमित न रखकर मानव सेवा का सशक्त माध्यम बनाना तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति व समाजसेवा की भावना विकसित करना है। प्राचार्य प्रो. भट्टाचार्य ने छात्रों को स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौमित चक्रवर्ती, डॉ. प्रशांत शुक्ला, डॉ. सुनील गौड़, डॉ. शिव कुमार यादव, डॉ. सुनील वर्मा और डॉ. अभिजीत सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।

इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज के एल-टू भवन में सोमवार, 23 नवंबर को फाइब्रोस्कैन जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि शिविर में दोपहर दो बजे तक आधुनिक फाइब्रोस्कैन तकनीक से फैटी लिवर, लिवर फाइब्रोसिस और लिवर से जुड़ी अन्य बीमारियों की जांच की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह दर्दरहित है और इसमें किसी प्रकार का चीरा नहीं लगाया जाता। मोटापा, मधुमेह, फैटी लिवर या लिवर संबंधी अन्य समस्याओं से ग्रस्त लोग शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now