Sonbhadra News : सीएम डैशबोर्ड पर खुली विभागों की प्रगति की तस्वीर, डीडीओ ने कसी अधिकारियों की नकेल

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और विकास कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर अब विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं की प्रगति परखते हुए जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह ने संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में तेजी लाई जाए और पात्र लाभार्थियों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो। वहीं, विलंबित निर्माण परियोजनाओं को इसी माह पूरा कराने और छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन स्तर से निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष विभागवार प्रगति की पड़ताल की गई। जिला विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित समयावधि में सभी लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं।

निर्माण परियोजनाओं में देरी पर जताई सख्ती –

समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति भी परखी गई। परियोजना प्रबंधक, सीएनडीएस को निर्देशित किया गया कि लंबित एवं विलंबित परियोजनाओं को इसी माह पूरा कराते हुए उनकी पूर्णता की तिथि सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के साथ ही संबंधित विभागों को समय से हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाए, ताकि निर्मित परिसंपत्तियों का उपयोग शुरू हो सके।

पीएम सूर्य घर योजना में बैंकर्स से समन्वय के निर्देश –

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान जिला विकास अधिकारी ने परियोजना प्रबंधक, नेडा और अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को बैंकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों और बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में बैंक स्तर पर अनावश्यक देरी न हो, जिससे निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके

छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों पर भी गंभीरता –

छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को विद्यालय स्तर पर लंबित ऑनलाइन आवेदनों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद स्तर पर भी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी कराने को कहा गया, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके और वे आर्थिक कारणों से परेशान न हों।

कम प्रगति वाले संकेतकों में सुधार की हिदायत –

जिला विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं और विकास संबंधी संकेतकों की नियमित समीक्षा करें। जिन संकेतकों में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनमें तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को गति देना और निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now