आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पांच साल पुरानी गुमशुदगी, पहचान के नाम पर सिर्फ बचपन की एक धुंधली तस्वीर और तलाश के सामने उम्र का लंबा फासला… लेकिन आधुनिक तकनीक ने पुलिस की इस मुश्किल को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाई। जिले के बभनी थाने में तैनात एक आरक्षी ने अपनी सूझबूझ और AI तकनीक का ऐसा इस्तेमाल किया कि बचपन की तस्वीर से करीब 30 वर्ष की महिला का संभावित वर्तमान चेहरा तैयार हो गया। ChatGPT और Google Gemini की मदद से तैयार इस तस्वीर ने परिजनों को पहचान का आधार दिया और पुलिस की तलाश राजस्थान के चूरू जिले तक जा पहुंची। आखिरकार करीब पांच वर्षों से लापता मंजू देवी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। तकनीक के इस अभिनव इस्तेमाल और आरक्षी विजय पाण्डेय की सराहनीय पहल को पुलिस महकमे ने भी हाथोंहाथ लिया। पुलिस महानिदेशक ने पांच हजार रुपये और पुलिस अधीक्षक ने 2100 रुपये के नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया।
दरअसल, थाना बभनी क्षेत्र के जौराही निवासी किस्मत देवी पत्नी रामपाल खरवार ने गत 14 जुलाई को अपनी पुत्री मंजू देवी खरवार (करीब 30 वर्ष) के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना बभनी में धारा 87 और 137(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया था। परिजनों के अनुसार, शादी कराने की बात कहकर उनकी पुत्री को वाराणसी ले जाया गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। करीब पांच वर्षों से लापता महिला की तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
बचपन की तस्वीर से वर्तमान चेहरे तक पहुंचने की थी चुनौती –
जांच के दौरान पुलिस ने महिला के परिजनों और ससुराल पक्ष से उसकी कोई हालिया तस्वीर प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसे में विवेचना के दौरान संबंधित विद्यालय से जानकारी जुटाई गई तो वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के समय छात्रवृत्ति फार्म में लगी महिला की बचपन की तस्वीर मिल गई। हालांकि, उस समय की तस्वीर और वर्तमान उम्र के बीच लंबा अंतर होने के कारण उससे महिला की पहचान कर पाना आसान नहीं था। यहीं पर आरक्षी विजय पाण्डेय की तकनीकी समझ और पहल काम आई।
उन्होंने महिला की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों को आधार बनाकर ChatGPT एवं Google Gemini AI प्लेटफॉर्म की सहायता से उसकी करीब 30 वर्ष की उम्र के अनुरूप एक संभावित तस्वीर तैयार की। यह तस्वीर महिला का वास्तविक या प्रमाणित वर्तमान फोटो नहीं, बल्कि पहचान में सहायता के लिए AI की मदद से तैयार किया गया एक तकनीकी अनुमान था। पुलिस ने इसे परिजनों के सामने प्रस्तुत किया तो उन्होंने तस्वीर को अपनी पुत्री मंजू देवी के रूप में पहचाना। इस तरह AI से तैयार तस्वीर ने वर्षों पुरानी गुमशुदगी की तलाश को एक महत्वपूर्ण दिशा दे दी।
AI तस्वीर के सहारे राजस्थान तक पहुंची पुलिस –
परिजनों से पहचान की पुष्टि और विवेचना में जुटाई गई अन्य जानकारियों के आधार पर आरक्षी विजय पाण्डेय ने तलाश को आगे बढ़ाया। आखिरकार 16 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के चूरू जिले के थाना हमीरवास क्षेत्र के ग्राम गोविन्द सिंह का बास पहुंचकर गुमशुदा मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, महिला वहां अपने पति उमेंद्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही थी और उसके दो बच्चे भी हैं। इस बरामदगी के साथ ही करीब पांच वर्षों से महिला के लापता होने का मामला एक महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंच गया।
पुलिसकर्मियों को भी AI तकनीक के इस्तेमाल का प्रशिक्षण –
इस प्रकरण ने पुलिस जांच में आधुनिक तकनीक की उपयोगिता को भी रेखांकित किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में जनपद के पुलिसकर्मियों को ChatGPT, Google Gemini सहित आधुनिक AI प्लेटफॉर्म के उपयोग के लिए कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसका उद्देश्य विवेचना और जांच के दौरान तकनीक को सहायक उपकरण के रूप में इस्तेमाल करना, उपलब्ध जानकारियों का विश्लेषण करना और संभावित साक्ष्यों तक पहुंचने में मदद लेना है। साथ ही पुलिसकर्मियों को यह भी समझाया गया है कि AI से प्राप्त जानकारी को अंतिम सत्य न मानते हुए उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों से उसका सत्यापन करना तथा नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करना जरूरी है।
डीजीपी और एसपी ने थपथपाई पीठ –
आरक्षी विजय पाण्डेय के इस अभिनव प्रयास और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस महानिदेशक, लखनऊ की ओर से उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस महकमे में इस उपलब्धि को आधुनिक तकनीक के सकारात्मक और जिम्मेदार इस्तेमाल की एक उल्लेखनीय मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





