आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने श्रद्धांजलि के बहाने 2027 के विधानसभा चुनाव का सियासी शंखनाद कर दिया। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर चुनावी मोर्चेबंदी तेज करने की रणनीति के साथ जिला कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरने का संदेश दिया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर अब एक सप्ताह के भीतर सभी ब्लॉक अध्यक्षों को बूथ अध्यक्षों और बीएलओ से संबंधित सूची सौंपनी होगी। जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में साफ संदेश दिया गया कि आगामी चुनाव की तैयारी अब बूथ स्तर से होगी और संगठन की असली ताकत हर बूथ पर दिखाई देनी चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा के निर्देशानुसार सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्धारित समय में बूथ अध्यक्षों और बीएलओ से संबंधित सूची तैयार करनी है। पार्टी का लक्ष्य जिले की चारों विधानसभा सीटों पर संगठन को पूरी ताकत के साथ खड़ा करना है।”
शहर अध्यक्ष हाजी फरीद खान ने कहा कि “नगर क्षेत्र के बूथों और बीएलओ की सूची तैयार है। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ आगामी चुनाव के लिए तैयार हैं।”
वहीं, पूर्व शहर अध्यक्ष राजू त्रिपाठी ने बताया कि “जिलाधिकारी कार्यालय से सभी बूथों की सूची प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने मतदाता सूची में होने वाले संशोधन और सुधार को लेकर लोगों से समय रहते अपनी त्रुटियां दुरुस्त कराने की अपील की।”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) ने कहा कि “वर्ष 2027 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप पूरी ताकत से काम करेगा। उन्होंने दावा किया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।”
राबर्ट्सगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कमलेश ओझा ने कहा कि सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि “वे अपने-अपने बूथों पर पूरी सक्रियता के साथ काम करें और चुनाव के लिए अभी से तैयारी सुनिश्चित करें। निवर्तमान प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान ने भी कहा कि कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर के साथ ही बूथों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लगातार काम कर रही है।”
इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता का लोहा पूरी दुनिया मानती थी। देश के प्रति उनके योगदान और बलिदान को हमेशा याद किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष जगदीश मिश्रा, राजबली पांडेय, शारद पनिका, संगीता श्रीवास्तव, पीसीसी सदस्य दयाशंकर पांडेय, आरटीआई जिला अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष राहुल जैन, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह टेकाम, अमरेश देव पांडेय, संतोष सिंह नेताम, अर्जुन खरवार, रामप्रताप पनिका, चंद्रदेव गोंड, स्वतंत्र शहनी, मंजू, सुनील मिश्रा, संजय जोन, रामकेश पनिका, दिनेश यादव, रामेश्वर यादव, जीउत मौर्य, प्रकाश भारती, विंध्याचल कुशवाहा, अशोक यादव, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, रामानंद पांडेय और नागेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





