Sonbhadra News : बिना नंबर प्लेट ट्रकों को परिवहन विभाग का अभयदान? सड़क किनारे खड़े मजदूर को कुचलकर चालक फरार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश मार्ग किया जाम 

• दुर्घटना के बाद ट्रक सहित चालक फरार

सोनभद्र । एक तरफ यातायात माह के नाम पर पुलिस विभाग विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ा रहा है, दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चारपहिया वाहनों पर सीट बेल्ट की जांच के नाम पर चालान काटे जा रहे हैं। दूसरी तरफ जिले की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के बालू और गिट्टी लदे भारी वाहन खुलेआम फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों की तेज रफ्तार और मनमानी से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन न तो पुलिस विभाग की निगरानी इन पर प्रभावी दिखाई दे रही है और न ही परिवहन तथा खनन विभाग की कार्रवाई का कोई असर नजर आ रहा है। यातायात नियमों का पालन कराने के दावों और सड़कों की हकीकत के बीच यह विरोधाभास अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। ताजा मामला जुगैल थाना क्षेत्र का है, जहां तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े 29 वर्षीय मजदूर को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

बालू लदे ट्रक ने छीन ली मजदूर की जिंदगी –

जानकारी के मुताबिक, जुगैल थाना क्षेत्र के महलपुर निवासी संतोष भारती (29वर्ष) पुत्र सागर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले संतोष अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से दोनों मासूमों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।

हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, मध्यप्रदेश मार्ग किया जाम –

दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में बिना नंबर प्लेट के हाईवा और बालू लदे ट्रक बेखौफ दौड़ रहे हैं। इन वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर आसानी से फरार हो जाते हैं और उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने और उनकी बेलगाम आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।

स्कूलों में जागरूकता, सड़कों पर नियमों की धज्जियाँ –

यातायाता माह नवंबर में पुलिस विभाग विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ा रहा है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ चालान की कार्यवाही कर अपनी सक्रियता भी दिखा रहा है लेकिन दूसरी तरफ परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली देखकर लगता है कि उसने आंखों पर काली पट्टी बांध रखी है। बिना नंबर प्लेट के बालू और गिट्टी लदे भारी वाहन सड़कों पर खुलेआम फर्राटा भर रहे हैं, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन विभागीय निगरानी कहीं नजर नहीं आती। परिवहन विभाग की स्थिति तो मानो ‘मुदेहूँ आँख कतहूँ कछु नाहिं’ वाली कहावत चरितार्थ कर रही है। कहने को तो एआरटीओ प्रवर्तन लगातार सड़कों पर उतर कर बगैर नंबर प्लेट के वाहनों की जाँच करते हैं बावजूद इसके धड़ल्ले से बगैर नंबर प्लेट के वाहनों से गिट्टी और बालू का परिवहन हो रहा है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर से परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा दिया है।

“बहरहाल यातायात माह में स्कूलों के भीतर जागरूकता का पाठ पढ़ाकर पुलिस भले ही अपनी जिम्मेदारी निभाने का दावा कर रही हो, लेकिन सड़कों पर बिना नंबर प्लेट और बेलगाम रफ्तार से दौड़ते बालू-गिट्टी लदे ट्रक इस अभियान की हकीकत बयां कर रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि आखिर परिवहन और खनन विभाग की निगरानी व्यवस्था किस काम की है? क्या इन विभागों को सड़क पर दौड़ते भारी वाहन दिखाई नहीं देते या फिर कार्यवाही की इच्छाशक्ति ही गायब है? अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार अधिकारी इन मौत के सौदागरों पर नकेल कसते हैं या फिर हर हादसे के बाद मुआयना और बयानबाजी कर अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ते रहेंगे। आखिरकार सिस्टम की आँख खोलने के लिए अभी और कितने संतोष भारती को अपनी जान गंवानी होगी?”

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now