Sonbhadra News : सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़कर जिम्मेदार नागरिक बनेंगे नौनिहाल, सनबीम विद्यालय में पुलिस ने किया जागरूक

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी लगातार सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। ऐसे में सड़क सुरक्षा के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 के तहत आज राबर्ट्सगंज स्थित सनबीम विद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में पहुंची यातायात पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार को भी जागरूक करने की अपील की

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की उपयोगिता समझाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यातायात नियमों का पालन करके न केवल अपनी, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना महज कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे जरूरी उपाय है। अभिभावकों और युवाओं को भी वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखना चाहिए। थोड़ी सी जल्दबाजी और लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। विद्यार्थियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन अपनी आदत बनाएं और घर जाकर परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह एवं यातायात उपनिरीक्षक तीरथ लाल ने भी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही यातायात संकेतों, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों और सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस टीम के सदस्यों के साथ विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। यातायात माह के तहत पुलिस की ओर से जनपद में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now