Sonbhadra News : तीन गैंगस्टरों ने अवैध खनिज कारोबार से बनाई करोड़ों की सल्तनत, अब पुलिस ने कुर्क की 4.18 करोड़ की संपत्ति

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । गिट्टी और बालू के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों पर सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। बिना वैध परमिट खनिजों का परिवहन कर कथित तौर पर करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 4 करोड़ 18 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली। कार्यवाही की खास बात यह रही कि आरोपियों के साथ उनके परिजनों के नाम पर खरीदी गई जमीनों को भी कुर्की के दायरे में लाया गया। वहीं, दो ट्रकों को भी जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्यवाही से अवैध खनन और खनिज परिवहन के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को यह कार्यवाही की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस ने जिलाधिकारी द्वारा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत पारित कुर्की आदेशों का अनुपालन कराया।

एएसपी (मुख्यालय) मेविस टॉक के मुताबिक, तीनों आरोपी बिना वैध परमिट के गिट्टी और बालू का परिवहन कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे। इस धनराशि से अपने और परिजनों के नाम पर अलग-अलग गांवों में जमीन एवं अन्य संपत्तियां खरीदी गई थीं। जांच के बाद इन संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्की की कार्यवाही के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई थी। आदेश मिलने के बाद 14 नवंबर को संपत्तियां कुर्क की गईं।

आरिफ खान की 1.43 करोड़ की संपत्ति कुर्क –

रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के परही गांव निवासी आरिफ खान की 1 करोड़ 43 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें उरमौरा नगर पालिका क्षेत्र में स्थित आवासीय भूखंड और दो ट्रक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ खनिजों के अवैध परिवहन सहित विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

अखिलेश उर्फ धीरज केशरी की 1.25 करोड़ की संपत्ति पर हुई कार्यवाही –

रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी निवासी और वर्तमान में इंद्रपुरी कॉलोनी रॉबर्ट्सगंज में रहने वाले अखिलेश उर्फ धीरज केशरी की 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें उसकी मां कुसुम देवी और पिता संजय केशरी के नाम पर विभिन्न गांवों में खरीदी गई कृषि एवं आवासीय जमीनें शामिल हैं। पुलिस ने देवरी, अवई, खड़हारी, नंदना और उरमौरा में स्थित संपत्तियों को कुर्क किया है।

छोटू यादव की 1.50 करोड़ की संपत्ति जब्त –

चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी (भुइहरिया बंधा) निवासी छोटू यादव उर्फ अमिनेष यादव की 1 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्यवाही की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित अवैध कमाई से अपने माता-पिता हंसा देवी और संकठा प्रसाद यादव के नाम पर बेलकप गांव में कई भूखंड खरीदे थे। इन सभी चिह्नित संपत्तियों को जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में कुर्क किया गया।

अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर होगी चोट : मेविस टॉक

एएसपी (मुख्यालय) मेविस टॉक ने बताया कि “जनपद में संगठित अपराध और अवैध खनिज परिवहन से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। अपराध से अर्जित धनराशि से अपने अथवा परिजनों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों को चिह्नित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल आपराधिक घटनाओं पर कार्यवाही करना ही नहीं, बल्कि अपराध के जरिए खड़े किए गए आर्थिक नेटवर्क को भी कमजोर करना है। अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।”

पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्यवाही –

कुर्की की कार्यवाही में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, तहसीलदार अमित कुमार, चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, चोपन के निरीक्षक अपराध राजेश यादव तथा महिला थानाध्यक्ष सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम शामिल रही।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now