आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बचपन की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में जनपद में खेल प्रतियोगिताओं एवं प्रथम वामा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त प्रशस्ति पत्र उन बच्चों को प्रदान किए गए, जिन्होंने 14 नवंबर को आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। बाल दिवस जैसे अवसर बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का बेहतर माध्यम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षा वामा सारथी सोनभद्र की अध्यक्ष अंशिता वर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वरी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मोहम्मद नदीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





