आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र के कोटा गांव के पूर्वी वसुधा में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय युवक का शव उसके कच्चे मकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में बड़ेर से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शरद पठारी (30वर्ष) पुत्र राज नारायण निवासी पूर्वी वसुधा, कोटा गांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शरद बाहर रहकर काम करता था और करीब दो माह पहले ही घर लौटा था। शनिवार को उसका शव घर के अंदर लटकता देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर चोपन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, शरद परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके परिवार में पत्नी और पांच वर्षीय एक बेटा है। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





