आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का मामले में पुलिस ने दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
समन्वय (JMIS) पोर्टल के माध्यम से सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम पर पंजीकृत बैंक खाते की जांच के दौरान साइबर फ्रॉड से संबंधित 35 शिकायतें और करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद दुद्धी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा –
पुलिस के मुताबिक, मामले में 25 अक्टूबर को मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी रही। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 26 अक्टूबर की शाम करीब 6:10 बजे म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला तिराहे से दो अन्य वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनपरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 निवासी प्रवेश राज सिंह (40वर्ष) और रेहटा निवासी जोनसीन क्रिशायान उर्फ राजेश कुमार (36वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।
35 शिकायतें और करोड़ों का लेन-देन की जांच में जुटी है पुलिस –
इस मामले में 35 शिकायतों का सामने आना और करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलना जांच का प्रमुख बिंदु है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक खाते के माध्यम से हुए लेन-देन की वास्तविक प्रकृति क्या थी और गिरफ्तार आरोपियों की कथित भूमिका किस स्तर तक रही।
ट्रस्ट के नाम पर पंजीकृत खाते से जुड़े इस प्रकरण में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, लेकिन संदिग्ध लेन-देन की पूरी कड़ियां और धनराशि से जुड़े सभी तथ्य जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना आगे बढ़ा रही है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्यवाही –
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी साइबर हर्ष पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी कर रहे थे। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





