लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके विभिन्न भत्तों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फील्ड ड्यूटी में तैनात सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर वर्ग के अधिकारियों का मोटरसाइकिल भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया है।
इसके साथ ही, प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के अधिकारियों के यूनिफॉर्म भत्ते में बंपर इजाफा करते हुए इसे 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया गया है, जबकि निचले स्तर पर तैनात कांस्टेबलों और हेड कांस्टेबलों का मोबाइल भत्ता भी 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। राज्य सरकार की इस कल्याणकारी घोषणा से पुलिस महकमे के जवानों और अधिकारियों में भारी उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदेश में सुदृढ़ होती कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एक जमाना वह भी था जब अपराधी खुली जीप में बैठकर ऑटोमेटिक हथियारों का नंगा प्रदर्शन करते हुए निर्भीक होकर घूमते थे और पुलिस किसी अपराधी पर कार्रवाई करने से पहले सौ बार सोचने पर मजबूर होती थी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में पुलिस अधिकारियों से नेताओं के पालतू जानवरों को तलाशने का काम कराया जाता था और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों पर ही गाज गिर जाती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश का परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है और अब अपराधियों को अच्छी तरह मालूम है कि उनका अंतिम ठिकाना कहां है। मुख्यमंत्री ने पुलिस की एनकाउंटर नीति पर सवाल खड़ा करने वाले और माफियाओं के प्रति हमदर्दी जताने वाले राजनीतिक दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग माफिया की कब्र पर जाकर छाती पीटते हैं, वे कभी शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के आंसू पोंछने नहीं पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब पूरा प्रदेश त्योहारों पर अपने परिवारों के साथ खुशियां मना रहा होता है, तब हमारे जाबांज पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर कर्तव्य पथ पर डटे रहते हैं और शहीदों के इस सर्वोच्च बलिदान का कर्ज राष्ट्र कभी नहीं चुका सकता
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





