Sonbhadra News : खिलाड़ियों ने मैदान पर दिखाया दम, फुटबाल-क्रिकेट के 15 खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल के लिए चयनित

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में जनपद के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राबर्ट्सगंज स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को फुटबाल और क्रिकेट के पुरुष खिलाड़ियों का जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दोनों खेलों के कुल 15 खिलाड़ियों का चयन विंध्याचल मंडल स्तर पर होने वाले ट्रायल के लिए किया गया। चयन से खिलाड़ियों में उत्साह है और अब उनकी निगाहें मंडलीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर आगे का रास्ता तय करने पर टिकी हैं।

जिला स्तरीय ट्रायल में फुटबाल और क्रिकेट के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। फुटबाल में पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ, जबकि क्रिकेट में 10 खिलाड़ियों ने मंडलीय ट्रायल के लिए जगह बनाई।

फुटबाल में इन खिलाड़ियों ने बनाई जगह –

फुटबाल के लिए सत्यम राय, आकाश, मेहताब अली, विकास यादव और नागेंद्र का चयन किया गया। वहीं, क्रिकेट में आदित्य गौतम, विक्रम सिंह, अमन कुमार, प्रदीप चौबे, दर्शील कुमार, शिवांश राय, प्रियांशु कुशवाहा, अंशुमत मिश्रा, आयुष दुबे और आयुष कुमार को मंडलीय चयन ट्रायल के लिए चुना गया।

मिर्जापुर में दिखाएंगे खेल कौशल –

जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित फुटबाल खिलाड़ी 19 अक्टूबर तथा क्रिकेट खिलाड़ी 21 अक्टूबर को विंध्याचल मंडल, मिर्जापुर में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। यहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और अगले स्तर पर चयन के लिए दावेदारी पेश करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर फुटबाल सचिव मो0 नूरुद्दीन, पंकज ओझा, जगदीश कुमार रावत, कुमारी जगवंती तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मंडलीय ट्रायल में पूरी तैयारी, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now