आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीएम और एसपी ने निरीक्षण कर परखी व्यवस्था
सोनभद्र । दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो और आस्था का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धंधरौल बांध पर विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती समेत सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए साथ ही बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दिन यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा और भारी वाहनों से प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी।
गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग –
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धंधरौल बांध में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगवाने को कहा, ताकि श्रद्धालु संभावित खतरे से पहले ही सतर्क हो सकें। बोर्ड पर ‘सावधान! यहां पानी अधिक गहरा है, डूबने की आशंका है’ जैसे स्पष्ट संदेश अंकित कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। इसके लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों और नावों की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया।
सड़क के गड्ढे भरने और साफ-सफाई के निर्देश –
धंधरौल बांध स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़क पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाने और आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने को कहा, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
चुर्क की तरफ से वापस जाएंगे वाहन –
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि “प्रतिमा विसर्जन के दिन यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। धंधरौल बांध पर प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले वाहन चुर्क की तरफ से वापस जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रूट डायवर्जन की जानकारी समय से प्रसारित कराने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी वाहनों से प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात रहेंगे सुरक्षा कर्मी –
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि “विसर्जन के दिन सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी मौजूदगी में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं तथा विसर्जन स्थल और आवागमन मार्गों पर सतर्क निगरानी रखें। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।”
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा, सदर तहसीलदार अमित सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चुर्क सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






