लोकदल का सरकार पर बड़ा हमला: सुनील सिंह बोले- अब दिल्ली में किसानों के ट्रैक्टरों की गूंज के साथ लड़ी जाएगी लड़ाई, सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे

SHARE:

लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने शुक्रवार को केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसआईआर (SIR), मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, किसान आंदोलन और उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर प्रदेश व केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। जंतर-मंतर पर एसआईआर के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिए जाने और पुलिस बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित करना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि सरकार जनता और विपक्ष की उठती आवाज से पूरी तरह घबरा गई है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि अब एसआईआर की यह लड़ाई केवल जंतर-मंतर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि देश का किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली की सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र की इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के कनॉट प्लेस में घोषित ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लोकदल का पूर्ण समर्थन देने का भी ऐलान किया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा उत्तर प्रदेश में तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव संपन्न कराने के आए ऐतिहासिक आदेश का स्वागत करते हुए लोकदल अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन और असलियत उजागर होने के डर से पंचायत चुनाव कराने से भाग रही है। उन्होंने अंदेशा जताया कि सरकार और उसके अधिकारी आगामी विधानसभा चुनावों को प्राथमिकता देते हुए पंचायत चुनाव टालने की नीयत से सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकते हैं, लेकिन लोकदल ऐसा कतई नहीं होने देगा और शीर्ष अदालत में मजबूती से पक्ष रखकर चुनाव समय पर कराने की मांग करेगा। सुनील सिंह ने दोटूक कहा कि यदि सरकार को अपनी जनप्रियता और जमीनी पकड़ पर जरा भी भरोसा है, तो वह पंचायत चुनाव कराने से पीछे क्यों हट रही है? उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान, युवा और गांव की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकदल INDIA गठबंधन के सहयोग से सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इस लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगा।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now