Sonbhadra News : सॉफ्ट ड्रिंक की आड़ में ट्रक से हो रही थी अवैध शराब की तस्करी, दो अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• हरियाणा, पंजाब से झारखंड ले जाई जा रही अवैध शराब की खेप

• ट्रक सहित ₹95 लाख की अवैध शराब और लाहौरी जीरा बरामद 

सोनभद्र । सॉफ्ट ड्रिंक की पेटियां ऊपर से लदी थीं और उनके नीचे छिपाकर रखी गई थी लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब की खेप। बाहर से देखने पर ट्रक में कोल्ड ड्रिंक का सामान्य परिवहन नजर आ रहा था, लेकिन अंदर अंतरराज्यीय शराब तस्करी का पूरा खेल चल रहा था। त्योहारों से पहले सोनभद्र पुलिस ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत तस्करों के इस तरीके का पर्दाफाश करते हुए दो अंतरप्रांतीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ट्रक से रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की 625 पेटियों में भरी 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसके साथ ही लाहौरी जीरा सॉफ्ट ड्रिंक की 1,275 यूनिट, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी और हिन्दुआरी, चुर्क तथा लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शराब की बड़ी खेप पकड़ी। उन्होंने बताया कि तस्करों ने लाहौरी जीरा सॉफ्ट ड्रिंक की पेटियों की आड़ में शराब छिपाकर रखी थी। ट्रक की तलाशी के दौरान 625 पेटियों में 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों पर Only for Punjab Sale अंकित था। पुलिस अब शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया संदिग्ध ट्रक –

एसपी के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि को शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क से हटकर मैदान में एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की तो केबिन में दो व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में उनकी पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के निवासी नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत के रूप में हुई। दोनों ने ट्रक में लाहौरी जीरा सॉफ्ट ड्रिंक लदी होने की बात कही और इसके समर्थन में इनवॉइस तथा ई-वे बिल प्रस्तुत किए।

हालांकि, दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि दोनों व्यक्तियों ने माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर लाने की बात बताई। बयानों और दस्तावेजों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। सॉफ्ट ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की सैकड़ों पेटियां बरामद हुईं।

625 पेटियों में मिली 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब –

तलाशी के दौरान पुलिस ने 407 पेटी रॉयल स्टैग 750 एमएल की 4,884 शीशी, 58 पेटी रॉयल स्टैग 180 एमएल की 2,784 शीशी और 160 पेटी रॉयल ग्रीन 750 एमएल की 1,920 शीशी बरामद की। इस तरह कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा लाहौरी जीरा सॉफ्ट ड्रिंक की 1,275 यूनिट, जिसकी अनुमानित कीमत 2.85 लाख रुपये है, करीब 25 लाख रुपये कीमत का एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये है।

पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित शराब रांची ले जाने की तैयारी –

बरामद शराब की बोतलों पर Only for Punjab Sale अंकित होने से उसके निर्धारित बिक्री क्षेत्र का तथ्य सामने आया है। वहीं, आरोपियों के पास मौजूद परिवहन दस्तावेजों में विसंगतियां मिलने के बाद पुलिस शराब की खेप के स्रोत और उसकी आपूर्ति करने वालों की पड़ताल में जुटी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक में लदा माल वाहन स्वामी द्वारा लोड कराया गया था। पुलिस वाहन स्वामी की भूमिका, शराब की आपूर्ति में शामिल अन्य लोगों और कथित कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल के संबंध में भी जांच कर रही है।

आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज –

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 15 अक्टूबर की रात करीब 1:08 बजे गिरफ्तार किया। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

एसपी के निर्देशन में संयुक्त टीम की कार्यवाही –

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नगर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में कार्यवाही की गई। इसमें रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध बनारसी यादव, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा तथा हिन्दुआरी, चुर्क और लोढ़ी चौकी की पुलिस टीम शामिल रही।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now