Sonbhadra News : रिश्तों में तकरार, जंगल में खूनी अंजाम! पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या का आरोप

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । शाहगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजपुर गांव निवासी 46 वर्षीय अमरावती कोल की महुअरिया जंगल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि बच्चों के साथ रहने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान पति मुन्ना कोल ने पत्नी पर हमला कर दिया और कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बच्चों के साथ रहने को लेकर हुआ था विवाद –

पुलिस के अनुसार, अमरावती अपने पति मुन्ना कोल के साथ गांव से कुछ दूरी पर महुअरिया जंगल के पास रहती थी। दंपती के दो बेटे हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। बताया जाता है कि पति-पत्नी आमतौर पर प्रत्येक रविवार को अपने मूल गांव राजपुर आते थे और फिर वापस लौट जाते थे।

रविवार को भी दोनों गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान बच्चों के साथ रहने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। आरोप है कि पति चाहता था कि पत्नी बच्चों के साथ राजपुर में ही रहे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसने बाद में गंभीर रूप ले लिया।

जंगल में घायल अवस्था में मिली महिला –

आरोप है कि विवाद के दौरान मुन्ना कोल ने अमरावती पर हमला कर दिया और कुल्हाड़ी से वार किया। घटना के बाद महिला जंगल में घायल अवस्था में पड़ी रही। बताया गया कि दंपती के पास मोबाइल फोन नहीं था, जिसके कारण तत्काल मदद मिलने में परेशानी हुई। उधर, परिजन जब अमरावती की तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे तो वह घायल अवस्था में मिली। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पति हिरासत में, पुलिस कर रही जांच –

महिला की मौत की सूचना मिलने पर शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। वहीं, आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एएसपी ऋषभ रुणवाल के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच बच्चों के साथ रहने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान महिला पर हमला किए जाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना की पूरी परिस्थितियां और हत्या के आरोपों से जुड़े तथ्य जांच के बाद स्पष्ट होंगे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now