लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान जबरदस्त हंगामा और धक्का-मुक्की देखने को मिली। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी गाली-गलौच हुई और एक कार्यकर्ता द्वारा हाथ में जूता तक लहरा दिया गया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नवनियुक्त अध्यक्ष को कार्यभार ग्रहण कराने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ के बीच एक कार्यकर्ता द्वारा रास्ता बनाने के लिए कहे जाने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। आरोप है कि लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता और मालवीय नगर वार्ड से लगातार चार बार की पार्षद ममता चौधरी ने इस पर तीखी टिप्पणी की और अजय राय के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए अपशब्द कहे।
इस घटना के बाद माहौल गर्मा गया और अजय राय वहां से दूसरी तरफ जाने लगे, लेकिन जब आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण करने के बाद वे दोबारा बाहर आए, तो पार्षद ममता चौधरी और उनके साथ मौजूद महिलाएं एक बार फिर विरोध पर उतर आईं। इसे देखकर अजय राय के समर्थक भी आक्रोशित हो गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की, कहासुनी और हंगामा हुआ। इस दौरान भीड़ में शामिल एक व्यक्ति द्वारा जूता लहराए जाने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कुछ लोग पार्टी के भीतर गलत परंपरा डालने की कोशिश कर रहे हैं और उनके तथा उनके समर्थकों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां की गई हैं, जो पार्टी के हितैषी कतई नहीं हो सकते और इससे संगठन की छवि धूमिल हो रही है।
दूसरी ओर, इस हंगामे के बीच कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पद संभालते ही आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि यह समय किसी स्वागत समारोह का नहीं बल्कि कड़े संघर्ष का है, क्योंकि आज देश में लोकतंत्र और संविधान दोनों खतरे में हैं। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष अजय राय के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके संघर्षों को आगे बढ़ाया जाएगा और पार्टी पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। वहीं, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का हर एक कार्यकर्ता जोश से भरा हुआ है और आने वाले समय में सही वक्त पर सीटों का गठबंधन तय कर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर वर्ष 2027 में प्रदेश में सरकार बनाएंगी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राज्यसभा में उप नेता प्रमोद तिवारी, विधानमंडल दल के नवनियुक्त नेता वीरेंद्र चौधरी, प्रियंका गुप्ता, अंशू अवस्थी, पुनीत पाठक और सचिन रावत सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





