Sonbhadra News : कीर्ति-गौरी के लिए समाज से सहयोग की अपील, आकांक्षा समिति ने शुरू किया ‘हमारी कीर्ति’ अभियान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । दशहरा और दीपावली के पर्व पर दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चियों कीर्ति और गौरी के जीवन में खुशियां लाने के उद्देश्य से आकांक्षा समिति ने सामाजिक सहभागिता की नई पहल शुरू की है। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समिति की बैठक में अध्यक्ष आरुषी मिश्रा ने ‘हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ करते हुए जनपदवासियों से बच्चियों के लिए स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील की।

आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा ने कहा कि “वन स्टॉप सेंटर के साथ संचालित दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चियों कीर्ति और गौरी के लिए दशहरा एवं दीपावली के अवसर पर लोग अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार सामग्री अथवा आर्थिक सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सहयोग जुटाना नहीं, बल्कि बच्चियों के प्रति समाज में अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक सहभागिता से बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास किया जा रहा है। जो लोग दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, वे वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक के मोबाइल नंबर 8318359154 पर संपर्क कर सकते हैं।”

‘सोन अर्थ’ को मिलेगी नई बाजार पहचान –

बैठक में महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रेरणा समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए आकांक्षा समिति ने ‘सोन अर्थ’ ब्रांड को प्रदेश और देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने की पहल करने का निर्णय लिया।

आरुषी मिश्रा ने कहा कि महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की ब्रांडिंग, गुणवत्ता, प्रचार-प्रसार और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने से बिक्री बढ़ेगी और महिला समूहों को उनके श्रम का अधिक लाभ प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार हो रहे उत्पादों को सिर्फ आजीविका का माध्यम बनाने के बजाय उन्हें एक मजबूत बाजार पहचान दिलाना जरूरी है। इसके लिए आकांक्षा समिति महिला समूहों के उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बाजार से जोड़ने की दिशा में कार्य करेगी।

बाल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर –

बैठक में बाल संरक्षण, बच्चियों के सहयोग, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि ‘हमारी कीर्ति’ अभियान के माध्यम से लोगों को बाल संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद में सामाजिक सरोकारों से जुड़े अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में आकांक्षा समिति की सदस्य उप जिलाधिकारी मुख्यालय आकांक्षा गौतम, डॉ0 दीप्ति सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विद्या शुक्ला सहित अन्य सदस्य और प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now