Sonbhadra News : मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं पर नए प्राचार्य का एक्शन प्लान, बोले- जल्द दूर होंगी कमियाँ

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• प्रेस कांफ्रेंस कर बताई प्राथमिकताएं

सोनभद्र । राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नवनियुक्त प्राचार्य डॉ0 आई0 जेन भट्टाचार्य ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर व्यवस्थाओं में सुधार को अपनी प्राथमिकता बताया। अस्पताल में मरीजों के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर का अभाव हो या फिर सुरक्षा गार्डों के कथित दुर्व्यवहार की शिकायतें, मीडिया के सवालों पर प्राचार्य ने कमियों को स्वीकार करते हुए जल्द सुधार का भरोसा दिलाया।

स्ट्रेचर तक के लिए जूझते मरीज, व्यवस्था पर सवाल –

प्रेसवार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों ने अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मरीजों को अस्पताल के भीतर लाने-ले जाने जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर सवाल उठना मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर गंभीर टिप्पणी माना जा सकता है।

इस पर प्राचार्य डॉ0 भट्टाचार्य ने माना कि कुछ संसाधनों की कमी है और आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है।

सुरक्षा गार्डों के व्यवहार पर भी सवाल –

अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों के कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी प्रेसवार्ता में उठा। मीडिया प्रतिनिधियों ने बताया कि मरीजों और उनके तीमारदारों को कई बार सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्राचार्य ने कहा कि यदि इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं तो उनकी जांच कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों और तीमारदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है।

नई व्यवस्था की बात, अब अमल की बारी –

प्राचार्य डॉ0 भट्टाचार्य ने मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों, बेहतर प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मेडिकल कॉलेज को क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now