भारतीय जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा जुबानी हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपना जनाधार पूरी तरह खो चुकी है और अब केवल मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए सड़कों पर अराजकता फैलाना ही उसके पास एकमात्र रास्ता बचा है। भाजपा प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दोनों नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग मंगलवार को ही प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के लिए तैयार था, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने बैठक से किनारा कर लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गांधी परिवार अपने खानदानी अधिकार का इस्तेमाल करना चाहता है, सांविधानिक प्रक्रियाओं का नहीं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संविधान के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी), सीजेआई या सीएजी को संसद में भी तलब नहीं किया जा सकता, लेकिन कांग्रेस चाहती है कि सीईसी स्वयं उनके सांसदों के सामने आकर खड़े हों। उन्होंने दिल्ली की सड़कों पर हुए घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण व निंदनीय बताते हुए कांग्रेस को ‘दिमागी नक्सल’ करार दिया। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रील बनाने की होड़ और हड़बड़ी में प्रदर्शन स्थल से एक महिला प्रदर्शनकारी को हटा रही महिला पुलिसकर्मी को धक्का देने का प्रयास किया। भाजपा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के इस व्यवहार से साबित हो गया है कि उसे देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं और सांविधानिक संस्थाओं की कोई परवाह नहीं है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





