Sonbhadra News : टावर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र की डाला चौकी अंतर्गत बाड़ी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब टावर के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव की पहचान बाड़ी गांव निवासी जयराम पांडेय (45वर्ष) पुत्र सुदामा पांडेय के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों की सूचना पर डाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर मौके पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जयराम किसी वाहन की चपेट में आए होंगे। वहीं, यह भी चर्चा रही कि किसी वाहन को पीछे करते समय हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने इन आशंकाओं की अभी पुष्टि नहीं की है।

इधर, शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर कुछ लोगों ने घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका भी जताई है। हालांकि, इसकी भी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जयराम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जयराम घटनास्थल तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now