Sonbhadra News : स्वस्थ रहेंगे सफाईकर्मी, तभी स्वच्छ रहेगा शहर – रूबी प्रसाद

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । संचारी रोग नियंत्रण माह का शुभारंभ हो चुका है और नगर को साफ-सुथरा रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जिन सफाईकर्मियों के कंधों पर होती है, उनकी सेहत का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से सोमवार को नगर पालिका सभागार रॉबर्ट्सगंज में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सफाईकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान करीब 40 सफाईकर्मियों की जांच की गई। स्वास्थ्य टीम ने शुगर, ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन की जांच कर कर्मचारियों के स्वास्थ्य की स्थिति का परीक्षण किया। जरूरत के अनुसार उन्हें दवाएं भी वितरित की गईं।

इस दौरान एसीएमओ डॉ0 प्रेमनाथ ने सफाईकर्मियों को अपने घरों के साथ आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा कहीं भी पानी एकत्र न होने देने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जलभराव और गंदगी मच्छरजनित एवं अन्य संचारी रोगों के प्रसार का कारण बन सकते हैं, इसलिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ आसपास के वातावरण को साफ रखना भी बेहद जरूरी है।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि “सफाईकर्मी स्वस्थ रहेंगे तभी शहर की सफाई व्यवस्था भी बेहतर तरीके से संचालित हो सकेगी। सफाईकर्मियों को अपने कार्य के दौरान गंदगी, जलभराव और विभिन्न प्रकार के संक्रमण के बीच काम करना पड़ता है। ऐसे में समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण माह के दौरान केवल आम लोगों को जागरूक करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है जो रोजाना नालियों, कूड़े और सार्वजनिक स्थलों की सफाई करते हैं। उन्होंने सफाईकर्मियों से अपील की कि वे स्वयं भी व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और अपने आसपास जलभराव न होने दें।”

इस दौरान एसीएमओ डॉ0 प्रेमनाथ, एसीएमओ डॉ0 गुलाब शंकर यादव, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से फार्मासिस्ट मनोज कुमार, आईटी चरणजीत सिंह, पुष्पेंद्र शुक्ला, बीएमडब्ल्यू स्नेहा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now