Sonbhadra News : अवैध संबंध के शक में पत्नी पर चाकू से हमला, उपचार के दौरान मौत, आरोपी पति फरार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज गांव में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को 24 वर्षीय मैना कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, डिबुलगंज निवासी राजरूप धरिकार का दो अक्टूबर की शाम पत्नी मैना कुमारी से विवाद हुआ था। आरोप है कि राजरूप पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक जताते हुए उससे विवाद कर रहा था। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से मैना के पेट पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

आरोप है कि घटना के बाद घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही रखा गया और पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई। पेट में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही। शनिवार को तबीयत अधिक खराब होने पर स्वजन उसे संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को मैना कुमारी ने दम तोड़ दिया। मृतका के दो बच्चे हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता अच्छे लाल अनपरा थाने पहुंचे और आरोपी दामाद राजरूप के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now