आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । प्रदेश के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी मांगों को लेकर आंदोलन की सुगबुगाहट एक बार फिर तेज हो गई है। इसी क्रम में सीएचओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केकराही के अधीक्षक डॉ. गुरु प्रसाद को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित आंदोलन के कार्यक्रम से अवगत कराया। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 30 सितंबर तक मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो इसके बाद प्रदेशभर के सीएचओ अनिश्चितकालीन धरने और हड़ताल का रास्ता अपना सकते हैं।
28-29 सितंबर को काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध –
एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स उत्तर प्रदेश ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि वर्ष 2024 में हुए आंदोलन के दौरान सीएचओ की विभिन्न मांगों पर सहमति बनी थी और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया था। संगठन का आरोप है कि आश्वासनों के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई, जिससे सीएचओ संवर्ग में असंतोष बढ़ रहा है। घोषित कार्यक्रम के तहत 28 और 29 सितंबर को प्रदेश के सभी सीएचओ काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर उपस्थित रहकर ऑनलाइन कार्य बंद रखने की बात कही गई है। इसके बाद 30 सितंबर को प्रदेशभर के सीएचओ लखनऊ में एकत्रित होकर आगामी आंदोलन और प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरने को लेकर सामूहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद भी मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जा सकता है।
छह प्रमुख मांगों को लेकर लामबंद सीएचओ –
सीएचओ ने छह प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। इनमें सीएचओ का पृथक कैडर बनाकर नियमितीकरण के लिए स्पष्ट नीति तैयार करना, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत सीएचओ को अन्य संवर्गों के अनुरूप मानदेय देना, पीबीआई को मासिक मानदेय में मर्ज करना, नियमित भर्ती में अनुभव के आधार पर वरीयता देना, निश्चित पद पर स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करना तथा स्वास्थ्य बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना शामिल है। संगठन ने वर्ष 2024 के आंदोलन के दौरान बनी सहमतियों और दिए गए आश्वासनों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मांगों के समाधान के लिए उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजकर ठोस निर्णय लेने की मांग की गई है।
30 सितंबर के बाद आंदोलन को लेकर स्थिति होगी स्पष्ट – विनोद कुमार
रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि सीएचओ लगातार स्वास्थ्य विभाग की जमीनी व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन लंबे समय से सेवा संबंधी कई मांगें लंबित हैं। वर्ष 2024 के आंदोलन के दौरान शासन स्तर से मांगों पर सहमति और समाधान का आश्वासन मिला था, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 28 और 29 सितंबर को काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध किया जाएगा और 30 सितंबर को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम के बाद आगे की रणनीति तय होगी। मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो सीएचओ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर हो सकते हैं।
इस दौरान अनिल कुमार, दीपा पाठक, अमित कुमार, श्रुति आरती, वंदना, रेशमा आदि सीएचओ मौजूद रहे।






