यूपी होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी: इसी माह के अंत तक घोषित होगा 41,424 पदों की भर्ती परीक्षा का परिणाम

SHARE:

मानवेंद्र मिश्रा, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 41,424 होमगार्ड पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम इसी माह के अंत तक जारी कर दिया जाएगा। वर्तमान में बोर्ड द्वारा भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण के रूप में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन कराया जा रहा है। परिणाम घोषित होने के तत्काल बाद सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और पुलिस वेरीफिकेशन की प्रक्रिया अक्टूबर माह में पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद नवंबर महीने से सभी चयनित अभ्यर्थियों का तीन माह का गहन प्रशिक्षण शुरू होगा, जिसके बाद आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व फरवरी माह में उन्हें फील्ड में तैनात करने की पूरी तैयारी है।

डीजी होमगार्ड डीके ठाकुर ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को आधुनिक जरूरतों के हिसाब से सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण के दौरान हथियार चलाने का भी विशेष अभ्यास कराया जाएगा। अभ्यर्थियों के फायरिंग अभ्यास के लिए 5.56 एमएम राइफल के 10 लाख से अधिक कारतूस एसटीएफ के माध्यम से खरीदे जा रहे हैं, जिस पर लगभग 3.55 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके अतिरिक्त 1.44 करोड़ रुपये की लागत से 155 नई एसएलआर (SLR) राइफलों की भी खरीदारी की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को उनके कर्तव्यों, अनुशासन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के सहयोग, आपदा प्रबंधन, आपात परिस्थितियों से निपटने तथा आधुनिक हथियार संचालन का सूक्ष्म प्रशिक्षण दिया जाएगा।

डीजी होमगार्ड ने यह भी जानकारी दी कि 41,424 पदों पर एनरोलमेंट की यह प्रक्रिया पूर्ण होते ही होमगार्ड स्वयंसेवकों के शेष 7,600 रिक्त पदों पर नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के कुल 1,18,348 स्वीकृत पद हैं, जिनके सापेक्ष वर्तमान में 69,324 होमगार्ड ही कार्यरत हैं। नए होमगार्डों की इस बड़े पैमाने पर भर्ती और प्रशिक्षण से प्रदेश की कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now