मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा उद्योग एवं व्यापार को वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ (UPITS) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की यह दूरदर्शी पहल मीरजापुर के विश्व प्रसिद्ध कालीन उद्योग और पारंपरिक हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई उड़ान देने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस प्रतिष्ठित ट्रेड शो में जनपद के 10 प्रमुख कालीन कारोबारी और 02 प्रसिद्ध मिष्ठान कारोबारी हिस्सा लेकर अपने विश्वस्तरीय उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में देश-विदेश से जुटने वाले उद्योगपतियों और लगभग 86 देशों से आने वाले आयातकों (इम्पोर्टर्स) को मीरजापुर में तैयार होने वाली आकर्षक कालीन, दरी व हस्तशिल्प कलाकृतियों को करीब से देखने व समझने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय निर्यात को नए पंख लगेंगे।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि मिडिल ईस्ट में चल रहे वैश्विक तनाव और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के बदलते समीकरणों के बीच यह इंटरनेशनल ट्रेड शो मीरजापुर के उद्यमियों के लिए नए विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने का एक स्वर्णिम अवसर प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो के हाल नंबर-9 में मेसर्स रमाशंकर कारपेट, मेसर्स शबनूर कारपेट, मेसर्स इस्तेखार कारपेट और मेसर्स बृजेश दरी एवं कारपेट अपने उत्पादों का स्टॉल लगाएंगे। वहीं हाल नंबर-10 में मेसर्स परी हैंडीक्राफ्ट, मेसर्स आरएस हैंडीक्राफ्ट, मेसर्स नंदिनी हैंडीक्राफ्ट तथा मेसर्स चैंपियन ट्रेडर्स अपने संग्रह का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा हाल नंबर-14 में मेसर्स वन पैलेस ऑफ रग्स और हाल नंबर-15 में मेसर्स आर्टलाइन क्रिएशन द्वारा अपने विशेष कालीनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि ओडीओपी (ODOP) योजना के तहत मिल रहे सरकारी प्रोत्साहन से जिले के पारंपरिक कालीन उद्योग को नई संजीवनी मिली है, जिससे स्थानीय बुनकरों और कारीगरों की आर्थिक स्थिति में भी निरंतर सुधार आ रहा है।
कालीन के साथ-साथ इस बार ‘एक जिला, एक व्यंजन’ (ODOC) पहल के तहत मीरजापुर के स्वाद की खुशबू भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर महकेगी। जिले के सुप्रसिद्ध लाल पेड़ा और बालूशाही जैसे पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए ओम मिष्ठान भंडार और गुरुकृपा स्वीट्स हाल नंबर-16 में अपने स्टॉल सजाएंगे, जहाँ ट्रेड शो में आने वाले विदेशी मेहमान मीरजापुर की मिठास का स्वाद चख सकेंगे। उपायुक्त संदीप कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों की इस संयुक्त अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति से जिले के कारीगरों, कारोबारियों और स्थानीय उद्योगों को नए वैश्विक ग्राहक व बाजार हासिल होंगे, जिससे मीरजापुर की समृद्ध सांस्कृतिक व औद्योगिक पहचान पूरी दुनिया में मजबूत होगी।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.






