अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के भव्य सम्मान समारोह में एक बड़ी घोषणा करते हुए उनके मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि का एलान किया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। समारोह में अयोध्या सहित अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा जिलों से पहुंचीं लगभग 12 हजार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के कल्याण के लिए चार प्रमुख योजनाओं पर काम कर रही है। इसमें मानदेय में बढ़ोतरी के साथ-साथ 5 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा, साड़ियों की संख्या में वृद्धि और स्मार्ट कार्यप्रणाली के लिए स्मार्टफोन उपलब्ध कराना शामिल है। उन्होंने बताया कि अब तक 1.28 लाख कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन बांटे जा चुके हैं, जिससे उनके दैनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता आई है। इसके अलावा, अब कार्यकर्ताओं को दो की जगह तीन साड़ियां दी जाएंगी, जिसके लिए 500 रुपये की अतिरिक्त राशि भी जोड़ी गई है। वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तब मात्र तीन हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे हमारी सरकार ने चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर अब 12 हजार रुपये कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अपना खुद का भवन होना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए राज्य वित्त आयोग के बजट या विशेष बजटीय प्रावधानों से नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों का बचपन व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा, क्योंकि जब बचपन सुरक्षित और स्वस्थ रहेगा तभी समर्थ व स्वस्थ भारत की नींव मजबूत होगी। यही स्वस्थ बचपन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने का मुख्य आधार बनेगा, जिसकी धुरी हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां हैं।





