सोनभद्र। जनपद के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक भेंट की। इस शिष्टाचार वार्ता के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ), उद्योग विभाग तथा विभिन्न कंपनियों के सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के माध्यम से सोनभद्र जिले में चलाए जा रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत रूपरेखा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।
भेंट के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में संचालित विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य व अवसंरचनात्मक ढांचे के विकास तथा सीएसआर मद से कराए जा रहे कार्यों की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया। इसके साथ ही सोनभद्र में प्रस्तावित आगामी विकास योजनाओं तथा औद्योगिक संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी सारगर्भित चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जनपद में चल रही परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।




