सोनभद्र/चोपन। सस्ते दामों पर वाहन व मोबाइल दिलाने और निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी के नाम पर 35.26 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के बाद चोपन थाना पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। मारकुंडी निवासी राजीव कुमार गुप्ता ने एसपी जनसुनवाई में प्रार्थना पत्र देते हुए आपबीती सुनाई। पीड़ित ने बताया कि मई 2025 में उनके पूर्व परिचित रामअवध विश्वकर्मा (निवासी निगतपुर चकिया, मिर्जापुर) अपने दो अन्य साथियों सुधीर कुमार दुबे (निवासी भरुहिया, कैमूर, बिहार) और लालमनी चौबे (निवासी तुलसीपुर लमहर, मोहनिया) के साथ उनके घर आए थे। उन्होंने ‘वर्टेक्स केयर डॉट इन’ और ‘वर्टेक्स लाइफ इंफ्राक्योर प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनियों की लुभावनी योजनाएं बताईं।
आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी के माध्यम से लोन पर मोबाइल खरीदने पर 35 प्रतिशत और चार पहिया वाहन खरीदने पर 45 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जाती है, साथ ही निवेश पर आकर्षक रिटर्न का वादा किया गया। झांसे में आकर राजीव कुमार गुप्ता ने 15 लाख रुपये, उनके परिचित कृष्ण कुमार भीन ने 4.43 लाख रुपये तथा कृष्ण के जरिए अन्य लोगों ने 15.83 लाख रुपये का निवेश कर दिया। शुरुआत में कुछ किश्तें जमा कर विश्वास जमाया गया, लेकिन बाद में आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया और फोन उठाना बंद कर दिया। पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपियों ने फर्जी और कूट रचित दस्तावेजों के जरिए कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। इस संबंध में चोपन के प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






